अवैध मुरम व एम-सैण्ड परिवहन करने पर दो वाहन जप्त
मुकेश गौड़ आशीष गौड।
शिवपुरी, 14 नवम्बर 2025/ जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन और परिवहन पर नकेल कसने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के निर्देशानुसार खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास द्वारा 13 एवं 14 नवम्बर को महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।
तहसील करैरा के ग्राम बघेदरी अब्बल के समीप एक सोनालीका कम्पनी का ट्रेक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से मुरम का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। मौके पर ही वाहन को जप्त कर पुलिस थाना करैरा की सुरक्षा में रखा गया है। इसी तरह रन्नौद-पिछोर मार्ग पर एक डम्पर हाईवा वाहन को एम-सैण्ड खनिज का अवैध रूप से ओवरलोड परिवहन करते पाया गया, जिसे तत्काल जप्त कर थाना रन्नौद में सुरक्षा हेतु रखा गया है। दोनों प्रकरणों में खनिज नियमों के अंतर्गत कार्रवाई कर अवैध परिवहन से संबंधित प्रकरण कलेक्टर न्यायालय को अर्थदंड निर्धारण हेतु प्रेषित किए गए हैं।
Comments
Post a Comment