अशोकनगर. अप्रैल की तपती दोपहर में परिवार की भूख मिटाने की चिंता सबमें देखी जा रही है। यहां छ:घरा कॉलोनी निवासी दिव्यांग भगवत सिंह को जब यह जानकारी मिली कि पूर्व विधायक के ऑफिस से राशन वितरण हो रहा है तो वह बैसाखी का सहारा लेकर करीब 2 किमी चला और ऑफिस के बाहर सोशल डिस्टेंस बनाने के लिए बनाए गोल घेरे में खड़ा हो गया। दिव्यांग यह सोचकर लाइन से अलग नहीं हटा कि लोग ऐसा न सोचे कि दिव्यांगता का फायदा उठा रहे हैं। जब धूप तेज हुई और खड़ा रहना असहनीय हुआ तो दिव्यांग ने अपना कृत्रिम पैर निकालकर गोल घेरे में रख दिया और बैसाखी के सहारे छांव में जाकर बैठ गया। हालांकि जब लाइन में लगे दिव्यांग के पैर पर पूर्व विधायक जज पाल सिंह की नजर पड़ी तो उन्होंने भोजन तो दिया ही, इसके बाद तांगा मंगाकर घर भी छुड़वाया और शाम को भोजन पैकेट के साथ राशन दिव्यांग के घर पहुंचाया।