Skip to main content

कलेक्टर श्री वर्मा ने पोहरी और बैराड़ क्षेत्र के शासकीय संस्थानों का किया सघन औचक निरीक्षण।कलेक्टर श्री वर्मा ने निरीक्षण के दौरान परखी व्यवस्थाएं, कार्य में लापरवाही पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश।


कलेक्टर श्री वर्मा ने पोहरी और बैराड़ क्षेत्र के शासकीय संस्थानों का किया सघन औचक निरीक्षण।
कलेक्टर श्री वर्मा ने निरीक्षण के दौरान परखी व्यवस्थाएं, कार्य में लापरवाही पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़ ।
मुकेश गौड़ आशीष गौड 
शिवपुरी 24 अगस्त 2026/ जिले में शासकीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने पोहरी विकासखंड और बैराड़ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न शासकीय विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा विभिन्न कार्यालयों का सघन औचक निरीक्षण किया। 
भ्रमण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था और राजस्व प्रकरणों का जमीनी स्तर पर अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री जे पी गुप्ता, सीईओ जनपद पंचायत श्री ऑफिसर सिंह गुर्जर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*ग्राम भौराना के एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय व आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम भौराना स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय और आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र) का गहन औचक निरीक्षण किया। स्कूल निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं, परिसर, शिक्षकों की उपस्थिति और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मध्याह्न भोजन निर्धारित मैन्यू के अनुसार न मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित समूह को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत सचिव को स्कूल परिसर के दुरुस्तीकरण, बाउंड्रीवॉल निर्माण व मरम्मत, भवन सुधार, पेंट कार्य तथा बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जारी किए।
तत्पश्चात, उन्होंने ग्राम भौराना स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया, जहाँ परिसर में नियमित साफ़-सफ़ाई रखने और पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थिति पंजी, टीकाकरण रिकॉर्ड, दवा वितरण व्यवस्था और दवाओं के स्टॉक की बारीकी से जाँच करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के आदेश दिए।

*बैराड़ तहसील कार्यालय और स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरक्षण*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने बैराड़ तहसील कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तहसील कार्यालय में आरसीएमएस पंजी, नामांतरण, सीमांकन और फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। परिसर में गंदगी देखकर नाराजगी जताते हुए उन्होंने शिफ़्ट में सफ़ाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और कार्यालय के सामने गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग आवेदक की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने रिपोर्ट न लगाने वाले जिम्मेदार पटवारी पर कार्रवाई करने और रीडर को शिवपुरी अटैच करने के निर्देश दिए है।
इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण में कलेक्टर श्री वर्मा ने ओपीडी, स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर, दवाइयों के स्टॉक और आपातकालीन व ड्रेसिंग कक्ष की जाँच की। उन्होंने गर्भावस्था-पूर्व टीकाकरण कक्ष, नवजात शिशु व पीएनसी वार्ड का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से बात की और स्वास्थ्य सेवाओं व भोजन की गुणवत्ता का हाल जाना। इस दौरान उनके संज्ञान में पोहरी में बंद पड़ी एक्स-रे मशीन के बारे में डॉक्टर द्वारा बताए जाने पर तुरंत सीएमएचओ को मशीन ठीक कराने और स्थानीय एसडीएम व तहसीलदार को नियमित रूप से अस्पताल आकर सफ़ाई व व्यवस्थाओं की निगरानी करने के कड़े निर्देश जारी किए।

*ग्राम गाजीगढ़ के शासकीय संस्थानों का निरीक्षण*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम गाजीगढ़ में विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आँगनवाड़ी केंद्र बंद पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यकर्ता को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत कलेक्टर श्री वर्मा ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र) तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति पंजी और बच्चों की पढ़ाई के स्तर की बारीकी से जाँच की। स्कूल परिसर की स्थिति को देखते हुए उन्होंने बच्चों की सुविधा के लिए खेल मैदान तैयार करने, बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने और परिसर के दुरुस्तीकरण के कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने हेतु सीईओ जनपद को सख्त निर्देश दिए।

*ग्राम धौरिया के शासकीय विद्यालय व जन-सुविधाओं का जायजा, शिविर के निर्देश*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पोहरी विकासखंड के ग्राम धौरिया का भ्रमण कर शासकीय एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुँचकर बच्चों के पठन-पाठन का स्तर परखा, शिक्षकों की उपस्थिति पंजी देखी तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का अवलोकन किया। स्कूल परिसर में फैली गंदगी और शौचालयों की बदहाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही, गाँव में फार्मर रजिस्ट्री का काम कम प्रतिशत पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने इसे शत-प्रतिशत पूरा कराने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएँ भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान हेतु आपसी समन्वय से संबंधित अधिकारियों को गाँव में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश जारी किए।

*ग्राम गिरवानी, जौराई एवं ठेंवला के शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण*
इसके साथ ही कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पोहरी विकासखंड के अंतर्गत जनजातीय मजरा गिरवानी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय, जौराई के एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय और ठेंवला के शासकीय नवीन प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, साफ़-सफ़ाई और मध्याह्न भोजन की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। ग्राम ठेंवला में फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों का अवलोकन करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से सीधी चर्चा की और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु एसडीएम तथा जनपद सीईओ को आवश्यक निर्देश दिए।
*निरंतर मैदानी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश:*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने निरीक्षण के अंत में संबंधित  अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से मैदान में उतरकर शासकीय संस्थानों का निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के स्तर में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी जमीनी स्तर पर पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करें और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें।

Comments

Popular posts from this blog

कोलारस बाईपास पर आज हुआ दर्दनाक हादसा जिसमें 2 लोगों की मौके पर मौत...

कोलारस हाइवे बाईपास केला देवी वेयर हाउस एवं श्रीनाथ होटल के सामने ट्रक संचालक ने बाइक सवार में मारी टक्कर बाइक पर सवार दो नवयुवक की मौके पर मौत..  1.रामकृष्ण बाथम (किल्ली) पिता श्री सुरेश बाथम (हलवाई) 22 वर्षीय युवक  2. ग्यारशी बाथम (छोटू) पिता स्वर्गीय सुल्तान बाथम आयु 30 वर्ष

शिवपुरी 👉 7 तहसीलदार, नायब तहसीलदारों के तबादले, कलेक्टर ने जारी किया आदेश👇👇

शिवपुरी में 7 तहसीलदार, नायब तहसीलदारों के तबादले, कलेक्टर ने जारी किया आदेश। ब्रेकिंग न्यूज़ कोबरा।  मुकेश गौड़ आशीष गौड  शिवपुरी - जिले में प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने बड़े स्तर पर तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के तबादला आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर कार्यालय से बुधवार 6 अगस्त 2026 को जारी आदेश क्रमांक-933 के अनुसार 👉कुल 7 अधिकारियों को अन्य आगामी आदेश पर्यन्त नवीन तहसीलों में पदस्थ किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। जारी आदेश के अनुसार तहसीलदार अजय कुमार परसैंडिया जो वर्तमान में गैर न्यायिक कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तहसील पोहरी / बैराड़ के पद पर पदस्थ थे, उन्हें अब तहसीलदार रन्नौद बनाया गया है। वहीं तहसील शिवपुरी वृत्त सुभाषपुरा, सतनवाड़ा की तहसीलदार सुश्री कल्पना शर्मा को पोहरी तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नायब तहसीलदारों की सूची में प्रभारी तहसीलदार पोहरी शिवम उपाध्याय को शिवपुरी वृत्त सुभाषपुरा, सतनवाड़ा भेजा गया है। गैर न्यायिक कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तहसील करैरा/नरवर के पद पर पदस्थ नायब तहसीलदार शैलेन्द्र भार्गव को तहसील बैराड़ वृत्...
सामान्य वर्ग आज 8 मार्च को जंतर मंतर पर करेगा धरना प्रदर्शन - कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा । कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़।  मुकेश गौड़ आशीष गौड। शिवपुरी -अखंड ब्राह्मण सेवा समिति भारतवर्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक पंडित सुभाष कुमार चतुर्वेदी के आवाहन पर सामान्य वर्ग 8 मार्च 2026 रविवार को 10:00 बजे से जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन करेगा। यह जानकारी प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के खिलाफ काले कानूनों द्वारा जो षड्यंत्र रचा जा रहा है , मोदी सरकार ने अनुच्छेद 16 में ओबीसी शब्द जोड़कर आखिरी कील ठोक दी है। प्रोन्नति में आरक्षण देने से योग्यता का समूल नाश होता है। आरक्षण केवल एससी/एसटी वर्ग तक सीमित था। लेकिन अनुच्छेद 16(4 A) के दायरे में ओबीसी को शामिल करने का जो रास्ता साफ किया गया है वह सामान्य वर्ग के करियर को पूरी तरह ध्वस्त कर देगा।  अब सामान्य वर्ग का मेधावी छात्र पूरी उम्र मेहनत करके भी ऊंचे पदों पर नहीं पहुंच पाएगा, क्योंकि उसके ऊपर 'आरक्षण की सीढ़ी' चढ़कर जूनियर लोग बैठ जाएंगे। यह योग्यता की खुली हत्या है।  ...