उप संचालक कृषि के मैदानी भ्रमण में फसल प्रदर्शन का निरीक्षण, किसानों को दिए उन्नत खेती के गुर।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड
शिवपुरी, 24 अगस्त 2026/ कृषि विभाग द्वारा कृषकों को उन्नत कृषि तकनीकों एवं नवीन फसल प्रजातियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न गतिविधियों के तहत मैदानी निरीक्षण किया गया। इस क्रम में उप संचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य ने कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम के साथ ग्राम राजा की मुड़ेरी का भ्रमण कर फसलों की स्थिति का जायजा लिया।
ग्राम राजा की मुड़ेरी के भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के अंतर्गत स्थापित फसल प्रदर्शन का अवलोकन किया। इस प्रदर्शन क्षेत्र में सोयाबीन की उन्नत किस्म आरवीएसएम-1135 तथा मूंगफली की किस्म जीजी-37 का प्रदर्शन किया जा रहा है। उप संचालक कृषि ने खेत में पहुंचकर फसलों की वर्तमान स्थिति, पौध वृद्धि और संभावित उत्पादन संबंधी पहलुओं की गहन समीक्षा की।
*उन्नत किस्मों और संतुलित उर्वरक प्रबंधन की दी जानकारी*
निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य ने उपस्थित किसानों को उन्नत किस्मों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा खरपतवार प्रबंधन की वैज्ञानिक तकनीकों के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कृषकों से अपील की कि वे विभागीय सलाह और कृषि वैज्ञानिकों के सुझावों का समय पर पालन कर अनुशंसित फसल किस्मों को अपनाएं, जिससे उत्पादन लागत घटे और आय में वृद्धि हो सके।
*विभागीय अधिकारी और कृषक रहे मौजूद*
इस मैदानी भ्रमण के अवसर पर उप संचालक कृषि के साथ एस.ए.डी.ओ. श्री अरुण कुमार शाक्य, बी.टी.एम. शिवपुरी श्री रघुवीर सिंह यादव तथा ए.टी.एम. शिवपुरी श्री शलिकराम धाकड़ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही क्षेत्र के अनेक कृषकगण और कृषि विभाग के स्थानीय कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
समाचार क्रमांक 171/2026 ---00---
Comments
Post a Comment