सेवा संकल्प अभियानः युवा संगम कार्यक्रम में 119 युवाओं को मौके पर मिले ऑफर लेटर, 134 का प्रारंभिक चयन।*कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशन में करेरा में आयोजित हुआ रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला*
सेवा संकल्प अभियानः युवा संगम कार्यक्रम में 119 युवाओं को मौके पर मिले ऑफर लेटर, 134 का प्रारंभिक चयन।
*कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशन में करेरा में आयोजित हुआ रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला*
स्वरोजगार योजनाओं के तहत 👉787 हितग्राहियों को ₹15.17 करोड़ से अधिक का हितलाभ वितरित
ब्रेकिंग न्यूज़ 👉 कोबरा।
मुकेश गौड़
शिवपुरी, 24 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार युवाओं को एक ही छत के नीचे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा संगम कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेरा में इस मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निजी क्षेत्र की 8 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर 134 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया, जिनमें से 119 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
*205 से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन*
जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.एस.मीना ने बताया कि युवा संगम मेले में शिवपुरी जिले के 205 से अधिक युवक-युवतियों द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से पंजीयन कराया गया। निजी क्षेत्र की कंपनियों ने युवाओं के साक्षात्कार लेकर पात्र उम्मीदवारों का चयन किया। इस पहल से स्थानीय युवाओं को रोजगार प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिली है।
*स्वरोजगार योजनाओं के तहत 787 हितग्राहियों को मिली वित्तीय सहायता*
उद्योग विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से प्राप्त जानकारी अनुसार इस माह मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, पिछड़ा वर्ग स्वरोजगार योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन एवं पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 787 स्वरोजगारियों को ₹15 करोड़ 17 लाख से अधिक का हितलाभ (ऋण एवं अनुदान) ऑनलाइन माध्यम से वितरित किया गया।
*रोजगारमूलक योजनाओं और वित्तीय साक्षरता की दी गई जानकारी*
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को कौशल विकास के लिए संचालित राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना तथा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही लीड बैंक के प्रतिनिधियों द्वारा 36 युवाओं को वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं के संबंध में जागरूक किया गया।
*उपस्थित अधिकारी एवं अतिथि*
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएम श्री शासकीय कन्या विद्यालय नरवर के प्राचार्य श्री कृष्ण प्रताप सिंह ठाकुर ने नरवर व करेरा क्षेत्र में ऐसे सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया तथा चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आईटीआई प्राचार्य श्री जसवंत शाक्य, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक श्री विवेक कौशल, लीड बैंक से श्री संस्कार पाठक, रोजगार कार्यालय, आईटीआई एवं जिला प्रशासन का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment