जिले में अतिवृष्टि को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर, कलेक्टर श्री वर्मा ने दिए निर्देश।
ब्रेकिंग न्यूज़ कोबरा
मुकेश गौड़
जलभराव वाले स्थानों, नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश*
*आमजन से जलभराव वाले क्षेत्रों में जोखिम न उठाने की अपील*
शिवपुरी, 04 सितंबर 2026/ जिले में भारी वर्षा की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और हाई अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं मैदानी अमले को अलर्ट रहने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले के उफान पर चल रहे नदी-नालों, रपटों, पुल-पुलियों तथा जलभराव वाले संवेदनशील स्थलों की 24 घंटे मुस्तैदी से निगरानी करने तथा आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जन-धन की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित रहे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित पूरा प्रशासनिक अमला मैदान में उतरकर लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण करने तथा जलभराव व जोखिम संभावित स्थलों पर सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। मैदानी अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखने और जलभराव वाले स्थानों पर अनावश्यक आवागमन न करने के लिए आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
*कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को 24 घंटे सतर्कता बरतने के दिए निर्देश*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्थानीय अमला पूरी तरह सक्रिय रहे और 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियों को दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा है।
*जिला प्रशासन ने की अपील*
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए वर्षा और जलभराव की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जहां नदी-नालों या रपटों पर पानी का तेज बहाव हो, वहां से आवागमन न करें। पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी जोखिम उठाने से बचें। इसके साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को जलभराव वाले स्थानों, नदी-नालों और पुल-पुलियों के पास न जाने दें।
*आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को दें सूचना*
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या जलभराव संबंधी समस्या होने पर तत्काल सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अन्य स्थानीय अमले के माध्यम से सूचना प्राप्त हो। सभी नागरिक सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।
समाचार क्रमांक 33/2026 ---00---
Comments
Post a Comment