खरीफ सोयाबीन उपार्जन: न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए पंजीयन 3 से 17 अक्टूबर तक*जिले में बनाए गए 17 उपार्जन सह पंजीयन केंद्र
खरीफ सोयाबीन उपार्जन: न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 👉पंजीयन 3 से 17 अक्टूबर तक
*जिले में बनाए गए 17 उपार्जन सह पंजीयन केंद्र
ब्रेकिंग न्यूज़ 👉 कोबरा
मुकेश गौड़ आशीष गौड
शिवपुरी, 01 अक्टूबर 2026/ भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत वर्ष 2026 (विपणन वर्ष 2026-27) में खरीफ सोयाबीन फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए जिले में पंजीयन की प्रक्रिया 03 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिला उपार्जन समिति द्वारा किसानों की सुविधा हेतु जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पंजीयन केंद्रों की स्थापना की गई है।
*जिले में स्थापित किए गए 17 उपार्जन व पंजीयन केंद्र*
उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री मुनेश कुमार शाक्य ने बताया है कि जिला उपार्जन समिति द्वारा किसानों की सहूलियत के लिए सेवा सहकारी संस्था गढीबरौद, सेवा सहकारी संस्था शिवपुरी, सेवा सहकारी संस्था बमरा, सेवा सहकारी संस्था भटनावर, सेवा सहकारी संस्था दुल्हारा, सेवा सहकारी संस्था झिरी, सेवा सहकारी संस्था पोहरी, सहकारी विपणन संघ मर्यादित पोहरी, सेवा सहकारी संस्था एंचवाडा, सेवा सहकारी संस्था बूढदा, विपणन सहकारी संस्था कोलारस, सेवा सहकारी संस्था खतौरा, सेवा सहकारी संस्था कुटवारा, सेवा सहकारी संस्था कालीपहाडी, सेवा सहकारी संस्था पिछोर, विपणन सहकारी संस्था खनियाधाना एवं सेवा सहकारी संस्था मुहारीकला में पंजीयन केंद्रों की स्थापना की गई है।
*निःशुल्क एवं वैकल्पिक पंजीयन सुविधाओं की व्यवस्था*
कृषि विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासन द्वारा निर्धारित उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सोयाबीन फसल का पंजीयन पूरी तरह से निःशुल्क किया जाएगा। इसके अतिरिक्त किसान भाई अपनी सुविधानुसार ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित शासकीय सुविधा केंद्रों पर भी समय-सीमा के भीतर जाकर पंजीयन करा सकते हैं।
*लोक सेवा केंद्र एवं कियोस्क के माध्यम से भी पंजीयन की सुविधा*
निःशुल्क केंद्रों के अलावा जो किसान अन्य माध्यमों से पंजीयन कराना चाहते हैं, उनके लिए भी विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। कृषक अपनी सोयाबीन फसल का पंजीयन एमपी ऑनलाइन, कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर निर्धारित सुविधा शुल्क का भुगतान करके भी करा सकेंगे। कृषि विभाग ने जिले के समस्त सोयाबीन उत्पादक कृषकों से समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है।
Comments
Post a Comment